भवानीपुर में सुकांत मजूमदार का घर-घर संपर्क अभियान, ममता बनर्जी को दी चुनावी चुनौती
कोलकाता, 27 फरवरी (हि. स.)। केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता तुकांत मजूमदार ने शुक्रवार को कोलकाता के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में ‘गृह संपर्क’ कार्यक्रम चलाया। यह वही सीट है, जहां से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी विधायक हैं।
दक्षिण कोलकाता स्थित भवानीपुर क्षेत्र में घर-घर जाकर संपर्क अभियान के दौरान मजूमदार ने दावा किया कि यदि ममता बनर्जी एक बार फिर भवानीपुर से चुनाव लड़ती हैं तो उन्हें हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि राज्य में आगामी 2026 के विधानसभा चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
उल्लेखनीय है कि 2021 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी को नंदीग्राम सीट से पराजय का सामना करना पड़ा था। इसके बाद उन्होंने भवानीपुर सीट से उपचुनाव जीतकर विधानसभा में वापसी की थी।
सुकांत मजूमदार, जो पूर्व में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भी रह चुके हैं, ने भवानीपुर के चक्रबेड़िया स्थित पार्टी कार्यालय के निकट दीवार पर कमल का चुनाव चिन्ह बनाकर पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने राज्य में परिवर्तन का आह्वान करते हुए कहा कि जनता इस बार बदलाव के लिए तैयार है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

