मुकुल रॉय के निधन पर सुकांत मजूमदार एवं शुभेंदु अधिकारी ने दी श्रद्धांजलि
कोलकाता, 23 फरवरी (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री मुकुल रॉय के निधन पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुकांत मजूमदार एवं विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने मुकुल रॉय की तस्वीर के साथ एक्स हैंडल पर पोस्ट किया है।
सुकांत मजूमदार ने लिखा, मैं भारत सरकार के पूर्व मंत्री, अनुभवी नेता मुकुल रॉय के निधन से बहुत दुखी हूं। मैं दयालु भगवान से उनकी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और दुखी परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।
दूसरी तरफ शुभेंदु अधिकारी ने लिखा, अनुभवी नेता श्री मुकुल रॉय के दुखद निधन से बहुत दुखी हूं। उनके परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। मैं उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। ओम शांति!
बता दें कि वरिष्ठ नेता मुकुल रॉय का रविवार देर रात निधन हो गया। उन्होंने 71 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। लंबे समय से वह किडनी सहित कई गंभीर शारीरिक समस्याओं से जूझ रहे थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

