home page

पांशकुड़ा में तृणमूल जिला अध्यक्ष सुजीत राय गिरफ्तार, पूछताछ जारी

 | 
पांशकुड़ा में तृणमूल जिला अध्यक्ष सुजीत राय गिरफ्तार, पूछताछ जारी


मेदिनीपुर, 20 जून (हि.स.)। पूर्व मेदिनीपुर जिले के पांशकुड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार को तृणमूल नेता सुजीत राय को गिरफ्तार किया। वह अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के जिला अध्यक्ष होने के साथ-साथ पांशकुड़ा-एक पंचायत समिति के सह-सभापति भी हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पांशकुड़ा में तृणमूल नेता कुर्बान शाह की हत्या के बाद उनके भाई अफजल शाह के खिलाफ वर्ष 2021 में एक महिला ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। बाद में महिला ने दोबारा शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि सुजीत राय ने दबाव बनाकर और कथित रूप से उकसाकर उससे झूठा मामला दर्ज करवाया था।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और कोलकाता से सुजीत राय को गिरफ्तार कर पांशकुड़ा लाया गया। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है और मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच जारी है।

इस गिरफ्तारी के बाद जिले के राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। हालांकि इस मामले में अभी तक तृणमूल कांग्रेस या सुजीत राय की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस ने कहा है कि जांच जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता