ईडी दफ्तर पहुंचे सुजीत बोस, चुनाव के बाद पहली पेशी
कोलकाता, 11 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और तृणमूल कांग्रेस नेता सुजीत बोस सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के दफ्तर में पेश हुए। मतदान के बाद यह उनका पहला ईडी के समक्ष हाजिर होना है।
इससे पहले वह एक मई को भी ईडी दफ्तर पहुंचे थे। हालांकि, चार मई को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद यह उनकी पहली उपस्थिति मानी जा रही है। इस दौरान उनके साथ उनके वकील भी मौजूद थे।
ईडी सूत्रों के मुताबिक, उन्हें शिक्षक भर्ती घोटाले (नियुक्ति भ्रष्टाचार मामले) में पूछताछ के लिए तलब किया गया है। चुनाव से पहले भी कई बार ईडी ने बिधाननगर सीट से तृणमूल उम्मीदवार सुजीत बोस को समन भेजा था, लेकिन चुनावी व्यस्तता के कारण वह पेश नहीं हो सके थे।
बाद में उन्होंने इस बारे में अदालत को भी अवगत कराया।
कलकत्ता उच्च न्यायालय के निर्देश के अनुसार, वह सॉल्टलेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में ईडी कार्यालय में जाकर पेश हुए। फिलहाल मामले में पूछताछ जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

