home page

नगरपालिका भर्ती घोटाला मामले में ईडी के समक्ष पेश हुए पूर्व मंत्री सुजीत बोस

 | 
नगरपालिका भर्ती घोटाला मामले में ईडी के समक्ष पेश हुए पूर्व मंत्री सुजीत बोस


कोलकाता, 11 मई (हि.स.)।

पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और तृणमूल कांग्रेस नेता सुजीत बोस सोमवार को नगरपालिका भर्ती घोटाला मामले में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश हुए।

जानकारी के अनुसार, सुजीत बोस अपने बेटे समुद्र बोस के साथ सुबह करीब 10:30 बजे साल्टलेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में ईडी कार्यालय पहुंचे।

बताया जा रहा है कि दक्षिण दमदम नगरपालिका में कथित भर्ती अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में ईडी पहले भी कई बार सुजीत बोस को तलब कर चुकी है। सूत्रों के मुताबिक विधानसभा चुनाव के दौरान भी उन्हें कई नोटिस भेजे गए थे, जिनमें 6 अप्रैल को नामांकन दाखिल करने वाले दिन भेजा गया नोटिस भी शामिल था।

उस समय सुजीत बोस ने चुनाव प्रचार में व्यस्तता का हवाला देते हुए कलकत्ता हाईकोर्ट में पेशी से छूट की मांग की थी। चुनाव समाप्त होने के बाद वह 1 मई को भी ईडी अधिकारियों के सामने पेश हुए थे।

ईडी इससे पहले सुजीत बोस और उनके बेटे से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है। जांच एजेंसी का दावा है कि तलाशी अभियान के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं, जो कथित भर्ती घोटाले से जुड़े हो सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि यह मामला दक्षिण दमदम नगरपालिका में कथित अवैध नियुक्तियों और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ा हुआ है, जिसकी जांच ईडी लगातार कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा