home page

चुनाव के बीच प्रवर्तन निदेशालय का नया समन, तृणमूल नेता सुजीत बसु और रथीन घोष को किया तलब

 | 
चुनाव के बीच प्रवर्तन निदेशालय का नया समन, तृणमूल नेता सुजीत बसु और रथीन घोष को किया तलब


कोलकाता, 22 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय ने तृणमूल कांग्रेस के दो उम्मीदवारों और राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य सुजीत बसु तथा रथीन घोष को फिर से समन जारी किया है। सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं को नगर निकाय नियुक्ति अनियमितता मामले में 24 अप्रैल को पेश होने के लिए कहा गया है।

उल्लेखनीय है कि 29 अप्रैल को होने वाले दूसरे चरण के मतदान में सुजीत बसु बिधाननगर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में हैं, जबकि रथीन घोष मध्यग्राम सीट से उम्मीदवार हैं। चुनाव प्रचार के चरम दौर में जारी इस समन ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है।

सूत्रों के मुताबिक, यह पहली बार नहीं है जब दोनों नेताओं को प्रवर्तन निदेशालय ने तलब किया है। इससे पहले भी उन्हें कई बार बुलाया जा चुका है और वे एजेंसी के समक्ष उपस्थित हो चुके हैं। बाद में एक अवसर पर सुजीत बसु के स्थान पर उनके पुत्र आवश्यक दस्तावेज लेकर केंद्रीय कार्यालय पहुंचे थे।

केवल सुजीत बसु और रथीन घोष ही नहीं, तृणमूल कांग्रेस के एक अन्य उम्मीदवार देबाशीष कुमार को भी चुनावी माहौल के बीच कई बार समन भेजा गया है। इसके अतिरिक्त उनके आवास पर आयकर विभाग की तलाशी कार्रवाई भी हो चुकी है।

इन लगातार समनों और छापों को लेकर राज्य की राजनीति में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया है कि चुनाव के समय प्रवर्तन निदेशालय समेत केंद्रीय एजेंसियों का उपयोग विपक्षी दलों के प्रचार में बाधा डालने के लिए किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बार-बार समन भेजकर उम्मीदवारों को प्रचार से दूर रखने की रणनीति अपनाई जा रही है। हालांकि केंद्रीय एजेंसियों की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

मतदान से पहले जारी इस कार्रवाई ने राज्य के चुनावी वातावरण में नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर