एनडीए की बैठक से पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु से मिले एनसीपीआई सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय, अटकलें तेज
कोलकाता, 28 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की राजनीति में नए राजनीतिक समीकरणों को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। लोकसभा सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय ने सोमवार रात राज्य सचिवालय नवान्न में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से बंद कमरे में मुलाकात की। यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) के सांसद मंगलवार को नई दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की बैठक में शामिल होने वाले हैं।
सूत्रों के अनुसार, करीब एक घंटे तक चली इस बैठक को राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है। हालांकि बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसे लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय या सुदीप बंद्योपाध्याय की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पहले नई दिल्ली जाकर एनसीपीआई के सांसदों से मुलाकात करने वाले थे, लेकिन उन्होंने अंतिम समय में अपनी यात्रा रद्द कर दी। इसके बाद उन्होंने कुछ वरिष्ठ एनसीपीआई सांसदों से फोन पर बातचीत कर दिल्ली नहीं पहुंच पाने की जानकारी दी।
एनसीपीआई के एक वरिष्ठ सांसद ने बताया कि मुख्यमंत्री और पार्टी सांसदों के बीच प्रस्तावित बैठक फिलहाल टाल दी गई है। हालांकि पार्टी के सभी सांसद तय कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार को एनडीए की बैठक में हिस्सा लेंगे।
हाल के दिनों में तृणमूल कांग्रेस से अलग होकर 20 सांसदों के एनसीपीआई में शामिल होने के बाद इस नई पार्टी की राजनीतिक सक्रियता लगातार बढ़ी है। इन सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिलकर अलग संसदीय दल के रूप में मान्यता देने का अनुरोध किया था। साथ ही लोकसभा में एनडीए के सहयोगी दलों के साथ बैठने की भी मांग की थी, जिससे भाजपा नीत गठबंधन के साथ उनकी निकटता की चर्चा तेज हो गई।
इससे पहले भी पार्टी ने संसद के मानसून सत्र से पहले आयोजित सर्वदलीय बैठक में भाग लेकर केंद्र की सत्तारूढ़ गठबंधन के साथ अपने बढ़ते राजनीतिक संपर्क के संकेत दिए थे। अब मुख्यमंत्री और सुदीप बंद्योपाध्याय की मुलाकात तथा एनडीए बैठक में एनसीपीआई सांसदों की मौजूदगी ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में संभावित नए समीकरणों को लेकर चर्चाओं को और तेज कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

