नर्सिंग होम में अचानक लगी आग, धुएं से मची अफरा-तफरी
सिलीगुड़ी, 05 सितंबर (हि. स.)। सिलीगुड़ी के एक नर्सिंग होम में शनिवार शाम अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने के बाद नर्सिंग होम परिसर में तेजी से धुआं फैल गया, जिससे मरीजों, अस्पताल कर्मचारियों और मरीजों के परिजनों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
घटना की सूचना पाकर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
दमकल विभाग के प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका है। हालांकि, आग के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
आग की खबर फैलते ही अस्पताल के बाहर मरीजों के परिजनों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। दमकल विभाग और संबंधित अधिकारियों की ओर से पूरे मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

