पूर्व मेदिनीपुर में एसयूसीआई का 79वां स्थापना दिवस मनाया गया
पूर्व मेदिनीपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले में शुक्रवार को एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) का 79वां स्थापना दिवस मनाया गया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी की ओर से कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिले के मेचेदा स्थित पार्टी जिला कार्यालय में सुबह लाल झंडा फहराया गया और पार्टी के संस्थापक शिवदास घोष की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस मौके पर राज्य कमेटी सदस्य डॉ. विश्वनाथ पड़िया, लोकल कमेटी सचिव सुब्रत दास सहित अन्य नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम में शिवदास घोष पर आधारित गीत प्रस्तुत किए गए और नेताओं ने 24 अप्रैल के महत्व पर प्रकाश डाला।
इसी तरह के कार्यक्रम तमलुक के राजाबाजार पार्टी कार्यालय, पांशकुड़ा के नजरुल भवन, भोगपुर के शहीद स्मृति भवन, निमतौड़ी, चैतन्यपुर, हल्दिया और नोनाकुड़ी पार्टी कार्यालयों में भी आयोजित किए गए।
तमलुक के कार्यक्रम में पूर्व मेदिनीपुर उत्तर संगठनात्मक जिला समिति के सचिव प्रणब माइती, ज्ञानानंद राय, शीला दास और चिन्मय घोराई मौजूद रहे। भोगपुर में जिला सचिव मंडली के सदस्य नारायण चंद्र नायक और मधुसूदन बेरा शामिल हुए। नोनाकुड़ी में जिला समिति सदस्य बसुदेव सामंत, निमतौड़ी में अनूप माइती और पांशकुड़ा में लोकल कमेटी के सचिव श्रावंती मंडल और तपन नायक उपस्थित थे।
नेताओं ने अपने संबोधन में बताया कि वर्ष 1948 में प्रसिद्ध मार्क्सवादी चिंतक शिवदास घोष ने केवल छह साथियों के साथ 24 परगना के जयनगर में इस पार्टी की स्थापना की थी। वे एक स्वतंत्रता सेनानी भी थे और 1942 के आंदोलन के दौरान जेल भी गए थे। उन्होंने सच्चे कम्युनिस्ट आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

