home page

मैं सिर्फ तृणमूल को सावधान करना चाहता हूं — शुभेंदु अधिकारी की चेतावनी

 | 
मैं सिर्फ तृणमूल को सावधान करना चाहता हूं — शुभेंदु अधिकारी की चेतावनी


कोलकाता, 01 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कड़ी चेतावनी दी है। बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने कहा कि यदि भाजपा कार्यकर्ताओं पर अत्याचार बंद नहीं हुआ, तो भाजपा भी चुप नहीं बैठेगी।

उन्होंने कहा कि मैं सिर्फ तृणमूल को सावधान करना चाहता हूं—अगर भाजपा कार्यकर्ताओं पर इस तरह का अत्याचार जारी रहा, तो भाजपा भी जवाब देगी। आज पश्चिम बंगाल में भाजपा अन्याय का प्रतिरोध करने में पूरी तरह सक्षम है।

छोटा सा वीडियो को साझा करते हुए उन्होंने लिखा कि तृणमूल कांग्रेस नंदीग्राम में अपनी “संकीर्ण राजनीति” दिखा रही है। उनके अनुसार, दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ता राकिबुल और अन्य राष्ट्रवादी मुस्लिम भाइयों का सामाजिक बहिष्कार किया जा रहा है। यहां तक कि उन्हें पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं से भी वंचित करने का आरोप लगाया गया है।

उन्होंने इसे “मध्ययुगीन बर्बरता” करार देते हुए कहा कि इस तरह के दबाव के बावजूद प्रभावित लोग झुके नहीं हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने नंदीग्राम के भेकुटिया क्षेत्र के देवान चक गांव का दौरा किया और राकिबुल सहित अन्य लोगों से मुलाकात कर हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि भाजपा का समर्थन करना कोई अपराध नहीं है। भारतीय संविधान के अनुसार, हर नागरिक को अपने विचार, विश्वास और राजनीतिक मार्ग चुनने का अधिकार है। इस अधिकार में हस्तक्षेप करना संविधान को चुनौती देने के समान है और यह दंडनीय अपराध है।

उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस कानून और संविधान का पालन नहीं करती, इसलिए इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं। उन्होंने कहा कि तृणमूल जितना इस प्रकार का व्यवहार करेगी, उतना ही वह आम लोगों से दूर होती जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय