home page

सुवर्णरेखा का जलस्तर बढ़ने से बहा पुल, लोगों की बढ़ीं मुश्किलें

 | 
सुवर्णरेखा का जलस्तर बढ़ने से बहा पुल, लोगों की बढ़ीं मुश्किलें


झाड़ग्राम, 10 जुलाई (हि.स.)। लगातार कई दिनों से हो रही वर्षा के कारण सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़ने से नयाग्राम और सांकराइल प्रखंड को जोड़ने वाला फेयर वेदर पुल गुरुवार को बह गया। इसके कारण दोनों प्रखंडों के बीच संपर्क व्यवस्था बाधित हो गई है तथा हजारों लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

सांकराइल के गढ़धरा और नयाग्राम के देउलबाड़ क्षेत्र को जोड़ने वाला यह पुल झाड़ग्राम जिला परिषद के अधीन है। प्रत्येक वर्ष दुर्गापूजा के बाद इस पुल का संचालन निविदा के माध्यम से विभिन्न संस्थाओं को दिया जाता है तथा वाहनों से निर्धारित शुल्क लिया जाता है। इस पुल के माध्यम से नयाग्राम के लोगों की झाड़ग्राम जिला मुख्यालय तक पहुंचने की दूरी काफी कम हो जाती थी।

पुल बह जाने के बाद लोगों को अब गोपीबल्लभपुर होकर लंबी दूरी तय कर जिला मुख्यालय पहुंचना पड़ रहा है। नदी में नौका सेवा आरंभ की गई है, किंतु वर्षा ऋतु में उफनती सुवर्णरेखा नदी में यह व्यवस्था जोखिमपूर्ण मानी जा रही है।

कुछ दिन पूर्व झाड़ग्राम जिला परिषद के शिक्षा कर्माध्यक्ष सुमन साहु ने सामाजिक माध्यम के जरिए राज्य सरकार से फेयर वेदर पुल के स्थान पर स्थायी पक्के पुल के निर्माण की मांग की थी। जुलशोला गांव के निवासी राजीव लोध ने कहा कि प्रत्येक वर्ष वर्षाकाल में नदी का जलस्तर बढ़ने पर यह पुल बह जाता है, जिससे दोनों प्रखंडों के लोगों को भारी परेशानी होती है। उन्होंने स्थायी पुल निर्माण की मांग दोहराई।

उधर, किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए नयाग्राम और सांकराइल थानों की ओर से नदी के दोनों किनारों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। वहीं, सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़ने से गोपीबल्लभपुर-दो प्रखंड के मालिंचा गांव में पुनः कटाव शुरू हो गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता