लॉरी की चपेट में आने से छठी कक्षा के छात्र की मौत, इलाके में तनाव
कोलकाता, 13 नवंबर (हि.स.)। महानगर के माझेरहाट इलाके में शुक्रवार दोपहर सिमेंट लदी एक लाॅरी की चपेट में आने से छठी कक्षा के एक छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। गुस्साए लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त लाॅरी में तोड़फोड़ की। सूचना मिलने पर तारातला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृत छात्र की पहचान अनमोल झा के रूप में हुई है। वह ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहा था। इसी दौरान तारातला थाना क्षेत्र के हेलेन केलर रोड पर सिमेंट से लदी एक लाॅरी ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और मौके पर तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। लोगों ने लाॅरी में तोड़फोड़ की। पुलिस ने छात्र के शव को बरामद कर अस्पताल भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

