कॉलेज में छात्र ने खुद पर केरोसिन डालकर जताया विरोध, जांच में जुटी पुलिस
जलपाईगुड़ी, 28 सितंबर (हि. स.)। जलपाईगुड़ी के आनंद चंद्र कॉलेज में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षा चलने के दौरान एक छात्र ने अपने ऊपर केरोसिन डालकर विरोध जताया। घटना प्रथम सेमेस्टर की इतिहास की कक्षा के दौरान हुई।
जानकारी के अनुसार, कक्षा चल रही थी, तभी उक्त छात्र ने अचानक अपने बैग से केरोसिन की बोतल निकाली और अपने शरीर पर केरोसिन उड़ेल लिया। मामले को देखते ही एक प्रोफेसर ने तत्काल स्थिति को संभाला और कॉलेज के प्राचार्य को इसकी जानकारी दी। सूचना पाकर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. देवाशीष दास मौके पर पहुंचे। बाद में कोतवाली थाने की पुलिस भी कॉलेज पहुंची।
उक्त छात्र का आरोप है कि पिछले कुछ समय से उसके साथ-साथ अन्य विद्यार्थियों के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया जा रहा है। उसका दावा है कि कॉलेज में अक्सर बाहरी लोग प्रवेश कर विद्यार्थियों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट करते हैं।
इस संबंध में कॉलेज प्रशासन समेत संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उक्त छात्र ने आरोप लगाया कि सोमवार को भी उस पर हमले की योजना होने की जानकारी मिली थी। इसी डर और विरोध जताने के लिए उसने यह कदम उठाया।
उक्त छात्र ने बिना नाम लिए एबीवीपी पर मारपीट और उत्पीड़न का आरोप लगाया है। हालांकि, एबीवीपी ने छात्र के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। घटना को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

