गंगा में डूबने से छात्र की मौत, इलाके में शोक
मालदा, 11 मई (हि. स.)। जिले के सादुल्लापुर घाट पर डूबने से 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान अरूप दास के रूप में हुई है, जो कक्षा दस का छात्र था।
जानकारी के अनुसार, अरूप अपने दोस्तों के साथ रविवार दोपहर साइकिल से गंगा (भागीरथी) नदी में स्नान करने गया था। नदी में उतरते ही वह गहरे पानी में डूब गया। साथी छात्रों के शोर मचाने पर स्थानीय लोग तुरंत नदी में कूदकर उसकी तलाश शुरू किया।
घटना की सूचना पाकर पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और स्पीड बोट की मदद से रविवार देर शाम तक खोज अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। सोमवार सुबह फिर से तलाशी अभियान शुरू किया गया। घंटो की खोजबीन और स्थानीय युवकों की मदद से अरूप का शव नदी से बरामद कर लिया गया।
शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि अरूप मालदा टाउन हाई स्कूल का छात्र था और उसके असमय निधन से इलाके में गहरा दुख छाया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

