चांचल कॉलेज में सुरक्षा और अनुशासन के लिए सख्त नियम लागू
मालदा, 13 मई (हि. स.)। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद मालदा जिले के चांचल कॉलेज में पढ़ाई का माहौल सुधारने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए कॉलेज प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। बाहरी लोगों की अनियंत्रित प्रवेश रोकने के लिए नई अनुशासनात्मक गाइडलाइन जारी की गई है।
नई व्यवस्था के तहत अब बिना वैध पहचान पत्र (आईडी कार्ड) के किसी भी छात्र-छात्रा को कॉलेज में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। कॉलेज में प्रवेश के समय सभी छात्रों को अनिवार्य रूप से अपना आईडी कार्ड दिखाना होगा।
कॉलेज परिसर में धूम्रपान और किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों के इस्तेमाल या उसे साथ लाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
वहीं, शिक्षक और शिक्षाकर्मियों को भी सरकारी नियमों के अनुसार समय पर उपस्थित रहने और नियमित रूप से कक्षाएं लेने का निर्देश दिया गया है।
कॉलेज प्रशासन के इस फैसले का छात्रों ने स्वागत किया है।
इतिहास ऑनर्स के छात्र अयान खान ने कहा कि पहले बाहरी लोगों के कारण पढ़ाई का माहौल प्रभावित होता था, लेकिन अब वे ज्यादा सुरक्षित महसूस कर रहे है। अंग्रेजी ऑनर्स की छात्रा अंकिता राय चौधरी के अनुसार, इस फैसले से कॉलेज में पढ़ाई का अनुकूल वातावरण वापस लौटा है।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. उत्तम पाल ने कहा कि कॉलेज को अधिक अनुशासित, सुरक्षित और शिक्षा के अनुकूल बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है। भविष्य में भी ऐसे सकारात्मक प्रयास जारी रहेंगे।
वहीं, प्रोफेसर डॉ. मोहम्मद महिदुर रहमान ने भी छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस पहल को जरूरी बताया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

