home page

जलपाईगुड़ी में आंधी का कहर, सैकड़ों घर क्षतिग्रस्त

 | 
जलपाईगुड़ी में आंधी का कहर, सैकड़ों घर क्षतिग्रस्त


जलपाईगुड़ी, 21 मई (हि.स.)। जिले में गुरुवार तड़के आई तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। जलपाईगुड़ी सदर ब्लॉक के नंदनपुर-बोयालमारी पंचायत और मंडलघाट इलाके में कई गांव बुरी तरह प्रभावित हुए है, जहां सैकड़ों घरों को नुकसान पहुंचा है।

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब साढ़े तीन बजे अचानक आए इस तूफान ने तांती आयड़ा, ठाकपाड़ा, बनियापाड़ा और बोडापाड़ा गांवों के साथ-साथ मंडलघाट और कोरानीपाड़ा क्षेत्रों में भारी नुकसान किया।

तेज हवाओं के कारण कई पेड़ उखड़ गए और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे पूरे इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया।

प्रभावित इलाकों में सिविल डिफेंस की टीमों को भेजा गया है और राहत कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। फिलहाल, गिरे हुए पेड़ों को हटाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम तेजी से चल रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार