home page

पेड़ गिरने से मेट्रो बंद, सड़क पर भी यातायात प्रभावित

 | 
पेड़ गिरने से मेट्रो बंद, सड़क पर भी यातायात प्रभावित


कोलकाता, 07 मई (हि. स.)। तेज बारिश और आंधी के कारण गुरुवार दोपहर को कोलकाता में मेट्रो यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। तूफान के कारण ब्लू लाइन मेट्रो ट्रैक पर पेड़ गिरने से मेट्रो सेवा कुछ समय के लिए बाधित हो गई।

मेट्रो सूत्रों के अनुसार, डाउन लाइन पर पेड़ गिरने के कारण मैदान से शहीद खुदीराम स्टेशन के बीच मेट्रो सेवा काफी देर तक बंद रही। इस दौरान दक्षिणेश्वर से टालीगंज स्टेशन तक आंशिक रूप से सेवा चलती रही। हालांकि यात्रियों का दावा है कि उस समय दक्षिणेश्वर से मैदान तक ही सीमित रूप से मेट्रो चल रही थी।

बताया गया है कि टालीगंज (महानायक उत्तम कुमार) और नेताजी स्टेशन के बीच ट्रैक पर पेड़ गिरने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई। मेट्रो कर्मियों ने ट्रैक से पेड़ हटाया, शाम करीब चार बजे ब्लू लाइन पर सेवा सामान्य कर दी गई।

उधर, तेज हवा और बारिश के कारण दक्षिण कोलकाता के कई इलाकों में भी पेड़ गिर गए, जिससे सड़क यातायात बाधित हो गया। गड़िया से टालीगंज के बीच सड़क पर पेड़ गिरने से बसों और अन्य वाहनों को मालंच सिनेमा हॉल के पास से डायवर्ट करना पड़ा।

एक ओर मेट्रो सेवा आंशिक रूप से प्रभावित रही और दूसरी ओर सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रही, जिससे गुरुवार का दिन शहर के एक छोर से दूसरे छोर तक पहुंचना यात्रियों के लिए बेहद मुश्किल हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता