दक्षिण बंगाल के सात जिलों में तेज आंधी-तूफान की चेतावनी
कोलकाता, 30 मार्च (हि.स.)। अलीपुर मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल के मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, दक्षिण बंगाल के सात जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और तूफान आने की संभावना है। मंगलवार सुबह से ही कोलकाता सहित आसपास के कई इलाकों में आसमान में घने बादल छाए रहे और कहीं-कहीं हल्की बारिश भी दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मंगलवार को दिन भर आसमान बादलों से घिरा रह सकता है। कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। कोलकाता में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पिछले 24 घंटों में शहर में 4.4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
खराब मौसम का असर जनजीवन के साथ-साथ राजनीतिक कार्यक्रमों पर भी पड़ता दिख रहा है। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के चंद्रकोणा में तेज आंधी और बारिश के कारण मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सभास्थल को आंशिक नुकसान पहुंचा। पंडाल का त्रिपाल उड़ जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ता मरम्मत कार्य में जुटे रहे और सभास्थल को दुरुस्त करने का काम जारी रहा।
मौसम विभाग ने विशेष रूप से बांकुड़ा, पूर्व बर्धमान और हुगली जिलों में ओलावृष्टि की संभावना जताई है। इसके अलावा हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना तथा नदिया जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
आगामी पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार से दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों जैसे कोलकाता, हावड़ा, हुगली, पुरुलिया और बीरभूम में मौसम साफ होने लगेगा और तापमान में फिर से बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर तथा झाड़ग्राम में बुधवार को भी कहीं-कहीं आंधी और हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी।
दूसरी ओर उत्तर बंगाल में खराब मौसम का असर अपेक्षाकृत अधिक समय तक रहने के आसार हैं। वहां के पांच जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, पूरे उत्तर बंगाल में आगामी सात अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

