home page

कोलकाता में स्टॉप हॉन्किंग : लेस नॉइज, मोर लाइफ’ अभियान का शुभारंभ

 | 
कोलकाता में स्टॉप हॉन्किंग : लेस नॉइज, मोर लाइफ’ अभियान का शुभारंभ


वर्षभर चलेगा जनजागरूकता अभियान

कोलकाता, 18 नवंबर (हि. स.)। अनावश्यक रूप से वाहनों के हॉर्न बजाने से उत्पन्न ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाने और जिम्मेदार सड़क व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को कोलकाता के कलामंदिर में वर्षव्यापी जनजागरूकता अभियान ‘स्टॉप हॉन्किंग : लेस नॉइज, मोर लाइफ’ का शुभारंभ किया गया। पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (पीआरएसआई) की पहल पर इन्फिनिटी ग्रुप एवं भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के सहयोग से शुरू किया गया यह जागरूकता अभियान वर्ष भर चलेगा।

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात तबला वादक पंडित तन्मय बोस, इन्फिनिटी ग्रुप के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक रवींद्र चमरिया, पीआरएसआई के अध्यक्ष सौम्यजीत महापात्र और उपाध्यक्ष अनिंद्य दास उपस्थित थे।

कार्यक्रम की शुरुआत जीडी बिड़ला स्कूल की छात्राओं द्वारा लिखे और संगीतबद्ध किए गए सामूहिक गीत से हुई। इस अवसर पर पीआरएसआई के अध्यक्ष सौम्यजीत महापात्र ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से ‘स्टॉप हॉन्किंग : लेस नॉइज, मोर लाइफ’ अभियान का विचार अब तक 42 लाख लोगों तक पहुंच चुका है। उन्होंने अभियान में सहयोग देने के लिए उपस्थित विद्यार्थियों और विद्यालय के शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अगले वर्ष दिसंबर तक 60 हजार लोगों को इस अभियान से जोड़ने का लक्ष्य भी रखा।

पीआरएसआई के उपाध्यक्ष अनिंद्य दास ने अपने संबोधन में विकसित भारत की अवधारणा का उल्लेख किया। वहीं, इन्फिनिटी ग्रुप के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक रवींद्र चमरिया ने कोविड के बाद कोलकाता में बढ़ते वाहनों और ध्वनि प्रदूषण की समस्या की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ ही हॉर्न का इस्तेमाल भी बढ़ा है, जिससे ध्वनि प्रदूषण में वृद्धि हुई है। उन्होंने भविष्य के नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

प्रख्यात तबला वादक पंडित तन्मय बोस ने भी अपने संबोधन के दौरान विद्यार्थियों के साथ कुछ आत्मीय पल साझा किए। इसके बाद विद्यालयों और महाविद्यालयों के शिक्षकों को सम्मानित करने के साथ उद्घाटन समारोह का प्रारंभिक सत्र संपन्न हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप