home page

हरिश्चंद्रपुर में सड़क हादसे के बाद बवाल, पुलिस पर पथराव

 | 

मालदा, 15 मई (हि. स.)। सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद मालदा के हरिश्चंद्रपुर थाना के कुशिदा इलाके में हालात बेकाबू हो गए। मृतक के शव को उठाने पहुंची पुलिस को गुस्साए लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया।

मिली जानकारी के अनुसार, कुशिदा-तुलसिहाटा राज्य मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से शुक्रवार को बाइक सवार हसन अली (21) की मौत हो गई, जबकि उनकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद जब पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगी, तो परिजनों और स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया।

आरोप है कि स्थिति बिगड़ने पर भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया और एक पुलिस वाहन में तोड़फोड़ की। इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात काबू में लाने के लिए पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने का भी आरोप है, जिसमें मृतक की मां घायल हो गईं।

वहीं, पुलिस का कहना है कि उन्होंने कोई लाठीचार्ज नहीं किया, बल्कि भीड़ ने अचानक हमला किया। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल को तैनात की गई है। शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए मामलदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।

सरकारी काम में बाधा और पुलिस पर हमले के आरोप में अब तक आठ लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और इलाके में तनाव बना हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार