बीरभूम के खैराशोल में केंद्रीय बलों पर पथराव, मतदान के बीच तनाव
बीरभूम, 23 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दौरान बीरभूम जिले के खैराशोल इलाके में ग्रामीणों द्वारा केंद्रीय सुरक्षा बलों पर पथराव किए जाने की घटना सामने आने से तनाव फैल गया।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना एक मतदान केंद्र के पास हुई, जहां केंद्रीय बल कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात थे। अचानक कुछ ग्रामीण आक्रामक हो गए और उन्होंने सुरक्षा बलों पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थिति कुछ समय के लिए नियंत्रण से बाहर हो गई, हालांकि सुरक्षाकर्मियों ने हालात को संभालने की कोशिश जारी रखी। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस और केंद्रीय बलों को तैनात किया गया ताकि स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित किया जा सके।
प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और मतदान प्रक्रिया को बाधित न होने देने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

