home page

मंदिर से चोरी हुई शनिदेव की मूर्ति तीस्ता कैनाल से बरामद

 | 
मंदिर से चोरी हुई शनिदेव की मूर्ति तीस्ता कैनाल से बरामद


जलपाईगुड़ी, 21 सितंबर (हि. स.)। फूलबाड़ी इलाके में एक शनि मंदिर से चोरी हुई शनिदेव की संगमरमर की मूर्ति को पुलिस ने तीस्ता कैनाल से बरामद कर लिया। सोमवार को पुलिस ने कंचनबाड़ी इलाके के पास तीस्ता कैनाल के पानी में तलाशी अभियान चलाकर मूर्ति को बाहर बरामद किया।

पुलिस और मंदिर प्रबंधन के अनुसार, शुक्रवार देर रात फूलबाड़ी से सटे कंचनबाड़ी इलाके के एक शनि मंदिर से शनिदेव की मूर्ति चोरी हो गई थी। शनिवार सुबह पूजा के लिए मंदिर पहुंचे लोगों ने मूर्ति गायब देखी, जिसके बाद न्यू जलपाईगुड़ी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और एक युवक को हिरासत में लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान युवक ने कथित तौर पर मूर्ति को तीस्ता कैनाल के पानी में फेंकने की जानकारी दी। पुलिस ने सोमवार को फूलबाड़ी के तीस्ता कैनाल में तलाशी अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे तक पानी के अंदर तलाश करने के बाद पुलिस को चोरी हुई शनिदेव की संगमरमर की मूर्ति बरामद करने में सफलता मिली।

मूर्ति बरामद होने के बाद मंदिर प्रबंधन ने राहत की सांस ली है।

मंदिर के सदस्य दीपक सिंह ने बताया कि शुक्रवार देर रात मूर्ति चोरी हुई थी और शनिवार सुबह पूजा के दौरान इसकी जानकारी मिली। उन्होंने मूर्ति बरामद करने के लिए पुलिस का आभार जताया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार