home page

दक्षिणेश्वर स्टेशन पर ओवरहेड तार टूटने से हड़कंप, बड़ा हादसा टला

 | 
दक्षिणेश्वर स्टेशन पर ओवरहेड तार टूटने से हड़कंप, बड़ा हादसा टला


कोलकाता, 30 जुलाई (हि. स.)। दक्षिणेश्वर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब डाउन लाइन का ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) तार अचानक टूटकर गिर गया। घटना के दौरान तेज आवाज के साथ चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे प्लेटफॉर्म और आसपास मौजूद यात्रियों में दहशत फैल गई। लोग अपनी सुरक्षा के लिए तुरंत सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

घटना के कारण कुछ समय के लिए डाउन लाइन पर रेल सेवाएं प्रभावित रहीं। सूचना पाकर रेलवे के अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची तथा क्षतिग्रस्त ओएचई लाइन की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया। एहतियात के तौर पर संबंधित ट्रैक की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में किसी यात्री या रेलवे कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है। रेलवे प्रशासन ने ओवरहेड तार टूटने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक तकनीकी और सुरक्षा उपाय किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा