home page

उत्तर बंगाल दौरे पर मंत्री अग्निमित्रा पाल, बाढ़ और विकास कार्यों की समीक्षा

 | 
उत्तर बंगाल दौरे पर मंत्री अग्निमित्रा पाल, बाढ़ और विकास कार्यों की समीक्षा


सिलीगुड़ी, 7 जून (हि.स.)। राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पाल एक दिवसीय पर रविवार को उत्तर बंगाल पहुंची है। बागडोगरा हवाईअड्डे पर पहुंचने के बाद उन्होंने क्षेत्र की बाढ़ स्थिति और विकास कार्यों की समीक्षा करने की बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने उन्हें विशेष रूप से उत्तर बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लेने के लिए भेजा है।

मंत्री ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के नेताओं को जनता के बीच विरोध का सामना करना पड़ रहा है। उनके अनुसार, भ्रष्टाचार और कथित वसूली के कारण लोगों में असंतोष बढ़ा है, जिसका असर चुनावी नतीजों में भी दिखाई दिया है।

मदरसों को मिलने वाली सरकारी सहायता पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा दिए गए लगभग 5,713 करोड़ रुपये के अनुदान का उपयोग किस प्रकार हो रहा है, इसकी समीक्षा आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह देखा जाना चाहिए कि कितने छात्र-छात्राएं इससे लाभान्वित हो रहे हैं और शिक्षा के क्षेत्र में इसका वास्तविक प्रभाव क्या है। उनका कहना था कि अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों को भी विकास, शिक्षा और रोजगार के समान अवसर मिलने चाहिए।

अल्पसंख्यक राजनीति के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि किसी भी समुदाय को केवल वोट बैंक के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चाहे मुस्लिम हों, पारसी हों या किसी अन्य समुदाय के लोग, सभी की प्राथमिकताएं शिक्षा, रोजगार और विकास हैं।

उन्होंने हाल ही में केंद्रीय रेल मंत्री द्वारा बुलेट ट्रेन परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि बुनियादी ढांचे के विकास में तेजी लाई जा रही है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी की सरकार ने विकास कार्यों की अपेक्षा उत्सवों पर अधिक ध्यान दिया।

उत्तर बंगाल के संदर्भ में उन्होंने कहा कि क्षेत्र को अब और उपेक्षित नहीं रहने दिया जाएगा। अपने दौरे के दौरान वे दार्जिलिंग, मिरिक और जलपाईगुड़ी सहित कई इलाकों का दौरा करेंगी। उन्होंने कहा कि बाढ़ से होने वाले नुकसान को रोकने, महिलाओं की स्थिति का आकलन करने और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं विकास कार्यों की समीक्षा उनकी प्राथमिकता होगी।

इसके अलावा, उन्होंने नगरपालिकाओं में भर्ती संबंधी कथित अनियमितताओं की जांच और उनकी निष्पक्षता की समीक्षा की भी बात कही।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार