home page

दुर्गापूजा से पहले मिलेगा अक्टूबर का वेतन -मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी

 | 
दुर्गापूजा से पहले मिलेगा अक्टूबर का वेतन -मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी


कोलकाता, 28 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के सरकारी कर्मचारियों के लिए इस वर्ष दुर्गापूजा से पहले वेतन मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के एक बयान के बाद राज्य कर्मचारियों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि अक्टूबर महीने का वेतन पूजा से पहले ही जारी किया जा सकता है। मंगलवार को भवानी भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उन्होंने वित्त सचिव और वित्त मंत्री से दुर्गापूजा से पहले अक्टूबर का वेतन जारी करने तथा कर्मचारियों को अतिरिक्त 20 प्रतिशत डीए (महंगाई भत्ता) देने के लिए कहा है।

वर्तमान व्यवस्था के अनुसार, राज्य सरकार के कर्मचारियों को प्रत्येक माह का वेतन उस महीने के अंतिम कार्य दिवस पर मिलता है। यदि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार निर्णय लागू होता है, तो इस वर्ष कर्मचारी दुर्गापूजा से पहले ही अक्टूबर का वेतन प्राप्त कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पहले ही बजट में अक्टूबर से अतिरिक्त 20 प्रतिशत डीए देने की घोषणा की थी और यह लाभ अक्टूबर महीने से प्रभावी होगा। उन्होंने कहा कि आईपीएस स्तर से नीचे के कर्मचारियों के हितों पर पहले पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया था। केंद्र सरकार और राज्य सरकार के डीए में 42 प्रतिशत का अंतर था, जिसे एक ही बार में समाप्त करना संभव नहीं है। इसलिए चरणबद्ध तरीके से कर्मचारियों को राहत देने की योजना बनाई गई है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कई राज्यों में वेतन संरचना में सुधार किया गया है, लेकिन पश्चिम बंगाल में अब तक ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने सातवें वेतन आयोग का गठन कर दिया है और आयोग की रिपोर्ट आने के कुछ महीनों के भीतर उसकी सिफारिशों को लागू करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा