मतगणना को लेकर त्रिस्तरीय सुरक्षा इंतजाम, मुख्य चुनाव अधिकारी ने दी तैयारी की पूरी जानकारी
कोलकाता, 03 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना को लेकर निर्वाचन आयोग ने व्यापक तैयारियां की है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने रविवार शाम मीडिया से बातचीत में इंतजामों की जानकारी देते हुए बताया कि मतगणना के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के अंतर्गत बाहरी घेरे में राज्य पुलिस, दूसरे स्तर पर रैपिड एक्शन फोर्स और सबसे अंदरूनी स्तर पर सीआरपीएफ की तैनाती की गई है। सभी मतगणना केंद्रों पर सीसीटीवी से लगातार निगरानी की जाएगी और फुटेज रिकॉर्ड किया जाएगा।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि मीडिया के लिए अलग से मीडिया सेंटर बनाया गया है, जहां तक मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति होगी। हालांकि अंतिम सुरक्षा घेरा पार करने के बाद किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर चूक होने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। यदि पहले स्तर की सुरक्षा में चूक होकर कोई व्यक्ति दूसरे स्तर तक पहुंच जाता है तो इसकी जिम्मेदारी पहले स्तर के कर्मियों की होगी। यदि दूसरे स्तर से आगे तीसरे स्तर तक पहुंचने में चूक होती है तो दूसरे स्तर के कर्मी जिम्मेदार होंगे। वहीं यदि तीनों स्तरों पर चूक होती है, तो सभी संबंधित अधिकारी संयुक्त रूप से जिम्मेदार माने जाएंगे और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सभी कर्मियों को पहले ही प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि दक्षिण 24 परगना जिले की फलता विधानसभा सीट पर पुनर्मतदान के निर्देशों की वजह से मतगणना 21 मई को कराई जाएगी, शेष 293 सीटों की मतगणना निर्धारित तिथि पर होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

