home page

एसएसकेएम अस्पताल परिसर में पेड़ गिरने से महिला की मौत, जांच में जुटी पुलिस

 | 
एसएसकेएम अस्पताल परिसर में पेड़ गिरने से महिला की मौत, जांच में जुटी पुलिस


कोलकाता, 24 अगस्त (हि. स.)। कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल परिसर में सोमवार दोपहर एक पेड़ गिरने से एक महिला की मौत हो गई। मृत महिला की पहचान राहिदा बीबी (46) के रूप में हुई है। वह बीरभूम जिले के नलहाटी की रहने वाली बताई जा रही हैं।

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर ट्रॉमा केयर बिल्डिंग के बाहर अचानक एक पेड़ टूटकर गिर पड़ा। उस समय राहिदा बीबी पेड़ के नीचे मौजूद थीं और वह उसके नीचे दब गईं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह अस्पताल में भर्ती एक मरीज की रिश्तेदार थीं। घटना की सूचना पाकर भवानीपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पेड़ आखिर किन परिस्थितियों में अचानक गिरा।

गौरतलब है कि बारिश और तेज हवाओं के दौरान कोलकाता में पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आती रही हैं। इस वर्ष भी तेज हवाओं के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में कई पेड़ गिरने की घटनाएं हुई थीं, जिनमें दो लोगों की मौत की भी खबर सामने आई थी।

हालांकि, सोमवार को एसएसकेएम अस्पताल परिसर में किसी बड़े तूफान या तेज आंधी की सूचना नहीं थी। खबर लिखे जाने तक अस्पताल प्रशासन और पुलिस की ओर से घटना के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय