एसएससी ग्रुप-सी परीक्षा से पहले स्कूल परिसर से तीन मोबाइल बरामद
अलीपुरद्वार, 01 मार्च (हि. स.)। कड़ी सुरक्षा के बीच राज्यभर में रविवार को एसएससी ग्रुप-सी पदों की लिखित परीक्षा संपन्न हुई। लेकिन अलीपुरद्वार-1 ब्लॉक के शिलबाड़ीहाट हाई स्कूल में परीक्षा शुरू होने से पहले स्कूल परिसर से तीन मोबाइल फोन बरामद होने से हड़कंप मच गया।
अलीपुरद्वार-फालाकाटा हाईवे के किनारे स्थित इस परीक्षा केंद्र पर सुबह परीक्षार्थियों के प्रवेश से पहले स्कूल परिसर में कूड़े के ढेर के बीच तीन मोबाइल फोन पड़े मिले। मामला सामने आते ही स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। सोनापुर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और मोबाइल फोन जब्त कर लिए।
स्कूल सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय राजमार्ग के विस्तार कार्य के चलते स्कूल की पुरानी सीमा दीवार तोड़ दी गई है और फिलहाल टिन की घेराबंदी की गई है। आशंका जताई जा रही है कि देर रात या तड़के किसी ने टिन की घेराबंदी के ऊपर से मोबाइल फोन परिसर में फेंक दिए हों।
इस केंद्र पर कुल 400 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था थी। खास बात यह है कि बड़ी संख्या में परीक्षार्थी स्थानीय क्षेत्र के ही निवासी थे। ऐसे में घर के पास ही परीक्षा केंद्र तय किए जाने को लेकर जिला शिक्षा महकमे में सवाल उठने लगे है।
स्कूल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मोबाइल बरामदगी की घटना परीक्षा शुरू होने से काफी पहले की है, इसलिए परीक्षा प्रक्रिया पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। प्रवेश द्वार पर कड़ी पुलिस जांच और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था थी।
सोनापुर चौकी पुलिस ने बताया कि बरामद मोबाइल किसके हैं और उन्हें वहां क्यों रखा गया था, इसकी जांच शुरू कर दी गई है।
प्रशासन का दावा है कि किसी भी अप्रिय घटना के बिना परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

