home page

एसएससी ग्रुप-सी परीक्षा में मोबाइल के साथ दो परीक्षार्थी गिरफ्तार

 | 
एसएससी ग्रुप-सी परीक्षा में मोबाइल के साथ दो परीक्षार्थी गिरफ्तार


बांकुड़ा, 01 मार्च (हि. स.)। स्कूल सर्विस कमीशन (एसएससी) की ग्रुप-सी परीक्षा के दौरान कड़ी निगरानी के बावजूद नियम तोड़ने का मामला सामने आया है। परीक्षा देने पहुंचे दो परीक्षार्थियों को मोबाइल फोन के साथ पकड़े जाने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपित मालदह जिले के निवासी बताए गए हैं। रविवार को दोनों युवक बांकुड़ा में परीक्षा देने पहुंचे थे।

मिली जानकारी के अनुसार, विष्णुपुर रामानंद कॉलेज के परीक्षा केंद्र में परीक्षा शुरू होने के कुछ ही देर बाद परीक्षकों को दोनों की गतिविधियों पर संदेह हुआ। दोबारा तलाशी लेने पर उनके पास से मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके बाद दोनों को विष्णुपुर थाना की पुलिस के हवाले कर दिया गया।

उल्लेखनीय है कि एसएससी ने ग्रुप-सी परीक्षा को पारदर्शी और निर्विघ्न कराने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए थे। परीक्षार्थियों के लिए पांव ढकने वाले जूते पहनना प्रतिबंधित था और परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले मेटल डिटेक्टर से पूरी जांच के बाद ही अनुमति दी जा रही थी। इसके बावजूद दोनों परीक्षार्थी मोबाइल फोन लेकर परीक्षा में बैठ गए। बताया गया कि वे कॉलेज के अलग-अलग कमरों में परीक्षा दे रहे थे।

एसएससी ग्रुप-सी परीक्षा में विष्णुपुर महकुमा के नोडल ऑब्ज़र्वर अरुणाभ बनर्जी ने कहा कि दोनों परीक्षार्थियों का उद्देश्य परीक्षा की निष्पक्षता भंग करना था, लेकिन परीक्षकों की सतर्कता से वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके। उन्होंने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय