पुलिसकर्मी पर हमला करने के आरोप में तृणमूल पार्षद गिरफ्तार, अदालत में पेश
हुगली, 07 मई (हि. स.)। श्रीरामपुर के टिन बाजार इलाके में एक आंगनबाड़ी केंद्र बंद पड़ा था। गुरुवार को उसका ताला खोलने के लिए पुलिस पहुंची थी। श्रीरामपुर थाने की पुलिस के साथ केंद्रीय बल के जवान भी मौजूद थे।आरोप है कि श्रीरामपुर नगरपालिका के वार्ड नंबर 10 के तृणमूल पार्षद राजेश शाह उर्फ कुकुआ ने ताला खोलने में बाधा दी। पुलिस के साथ बहस के दौरान काउंसिलर ने अचानक एएसआई नटराज की नाक पर घूंसा मार दिया। इससे उनकी नाक फट गई। पुलिस ने राजेश शाह समेत उनके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें श्रीरामपुर अदालत में पेश किया गया।
श्रीरामपुर के भाजपा विधायक भाष्कर भट्टाचार्य ने कहा कि पुलिस को किसी राजनीतिक रंग को देखे बिना कार्रवाई करनी चाहिए। इलाके में कानून का राज स्थापित होना चाहिए। किससे पूछताछ होगी और किसे गिरफ्तार किया जाएगा, यह पुलिस का मामला है। इसमें हम कोई हस्तक्षेप नहीं करेंगे। लोग इलाके में शांति चाहते हैं।
तृणमूल पार्षद राजेश शाह ने श्रीरामपुर थाने से अदालत ले जाए जाने के दौरान कहा कि इलाके में आपसी सहमति से एक आंगनबाड़ी केंद्र बनाया गया था। भाजपा और माकपा उस पर कब्जा करना चाहते थे, इसी को लेकर विवाद हुआ। उन्होंने कहा कि कुछ धक्का-मुक्की हुई हो सकती है, लेकिन उन्होंने किसी पर हाथ नहीं उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके और उनकी पत्नी के वार्ड में बढ़त मिलने की वजह से राजनीतिक प्रतिशोध लिया गया है।
घायल पुलिसकर्मी का अस्पताल में इलाज कराया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

