home page

श्रीनगर में तैनात कांस्टेबल मोनु साहू की हृदयाघात से मौत

 | 
श्रीनगर में तैनात कांस्टेबल मोनु साहू की हृदयाघात से मौत


आसनसोल, 27 सितंबर (हि. स.)। श्रीनगर में तैनात कांस्टेबल मोनु साहू की हृदयाघात से मौत हो गई। दो दिन पहले ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद मौत की जानकारी सामने आई। शनिवार रात 12 बजे उनका पार्थिव शरीर आसनसोल के महिशीला स्थित पैतृक गांव पहुंचा। पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।

मिली जानकारी के अनुसार, रात में खाना खाने के बाद मोनु साहू अपने अन्य साथियों के साथ सो गए थे। सुबह जब वे सोकर नहीं उठे तो साथियों ने उन्हें जगाने का प्रयास किया। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बीएसएफ के जवान एसआई आनंद कर्मकार ने बताया कि चिकित्सकों के अनुसार उनकी मौत का कारण हृदयाघात बताया गया है।

मोनु साहू के निधन की खबर मिलने के बाद आसनसोल दक्षिण की विधायक तथा मंत्री अग्निमित्रा पाल ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को परिवार के घर भेजकर परिजनों से मुलाकात कराई तथा इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

इस संबंध में अनुप चटर्जी ने बताया कि मंत्री अग्निमित्रा पाल ने मोनु साहू के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि परिवार के इस कठिन समय में मंत्री की ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

इधर, मोनु साहू का पार्थिव शरीर महिशीला स्थित उनके पैतृक घर पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंच गए। अचानक एक युवा जवान की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने नम आंखों से मोनु साहू को अंतिम श्रद्धांजलि दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा