मंगलवार से बड़े आंदोलन की राह पर एसआरएफटीआई के विद्यार्थी
कोलकाता, 26 अक्टूबर (हि. स.)। सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (एसआरएफटीआई) में गतिरोध बरकरार है। आंदोलनकारी विद्यार्थियों ने कुल दस सूत्री मांगों के साथ इस आंदोलन को आगे बढ़ाने में जुटे हैं जिसमें शिक्षा की आज़ादी, लोकतान्त्रिक अधिकार, कैंपस सिक्योरिटी और छात्र परिषद् चुनाव शामिल हैं। इस बार, आंदोलनकारी आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर फैलाने के लिए मंगलवार को देश भर में विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। उनका दावा है कि अधिकारियों ने अभी तक उनसे कोई बातचीत नहीं की है। इसलिए, वे आंदोलन जारी रखेंगे।
सूत्रों के अनुसार, उनके आह्वान पर जादवपुर विश्वविद्यालय और आलिया विश्वविद्यालय समेत कई शैक्षणिक संस्थान के विद्यार्थी आंदोलन में शामिल होंगे। आंदोलनकारी सुबह से एसआरएफटीआई कैंपस में जुलूस और नाटक समेत कई विरोधात्मक कार्यक्रम करेंगे।
उल्लेखनीय है कि यह झड़प 27 सितंबर को एसआरएफटीआई के कोलकाता कैंपस में शुरू हुई थी। आरोप है कि अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के एक कार्यक्रम में झड़प की स्थिति पैदा हुई। विद्यार्थियों के एक गुट ने आरोप लगाया कि उस दिन बाहरी लोगों ने उनके साथ मारपीट की। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने भी जवाबी आरोप लगाया। फिर चार अक्टूबर को कैंपस पर हमले का एक और आरोप लगा। विद्यार्थियों ने इस घटना का विरोध करने और वाइस-चांसलर के इस्तीफे की मांग करने के लिए सड़कों पर उतर आए जो अब भी जारी है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

