सिलीगुड़ी कोर्ट में स्पीकर रथीन्द्र बोस की सौजन्य मुलाकात
सिलीगुड़ी, 07 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा के स्पीकर रथीन्द्र बोस ने शुक्रवार को सिलीगुड़ी जिला अदालत में सौजन्य मुलाकात की।
सूत्रों के अनुसार, कूचबिहार से लौटते समय वे अचानक अदालत पहुंच गए, जहां उन्होंने मौजूद वकीलों के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
इस दौरान वकीलों की ओर से स्पीकर के सामने कई मांगें रखी गई। इनमें नए कोर्ट बिल्डिंग के निर्माण की मांग के साथ सिलीगुड़ी को अलग राज्य बनाने का प्रस्ताव भी शामिल था, साथ ही अन्य कई अहम मुद्दों पर भी बातचीत हुई।
इस पर स्पीकर रथीन्द्र बोस ने कहा कि कई प्रस्ताव मेरे सामने रखे गए हैं, लेकिन मेरी जिम्मेदारी अलग है — मैं मंत्री या सीधे सरकार का हिस्सा नहीं हूं। फिर भी मौका मिलने पर संबंधित अधिकारियों तक इन मुद्दों को पहुंचाने की कोशिश करूंगा।
उन्होंने आगे बताया, “मैं कूचबिहार से लौट रहा था और मेरे पास थोड़ा समय था, इसलिए अदालत आ गया। यहां मेरे कई परिचित और दोस्त हैं, जिनके साथ पहले काम भी कर चुका हूं, इसलिए उनसे मिलने चला आया।”
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

