(अपडेट)दक्षिण बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में 200 मिलीमीटर तक वर्षा की आशंका
कोलकाता, 13 अगस्त (हि.स.)। दक्षिण बंगाल में मौसम के बिगड़ने की आशंका के बीच कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। मौसम संबंधी चेतावनी के अनुसार दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में तेज बारिश के साथ प्रतिकूल मौसम की स्थिति बन सकती है।
बांकुड़ा और पश्चिम मेदिनीपुर जिले में लाल चेतावनी जारी की गई है। इन क्षेत्रों में 200 मिलीमीटर तक बारिश होने की आशंका जताई गई है।
इसके अलावा पुरुलिया, पूर्व मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पूर्व बर्दवान, पश्चिम बर्दवान और हुगली जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इन जिलों में भी भारी वर्षा के कारण जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
चेतावनी के अनुसार शनिवार तक दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में बारिश होने की संभावना है। वहीं, उत्तर बंगाल में भी भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए 15 अगस्त तक मछुआरों को समुद्र में जाने पर रोक लगाई गई है। प्रशासन ने समुद्र में जाने वाले मछुआरों से विशेष सावधानी बरतने और चेतावनी का पालन करने का आग्रह किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

