दक्षिण 24 परगना में युवक की गला काटकर हत्या, सियासी घमासान तेज
दक्षिण 24 परगना, 24 मार्च (हि. स.)। विधानसभा चुनाव से पहले रायदीघी क्षेत्र में एक युवक की गला काटकर हत्या से सनसनी फैल गई है। घटना सोमवार रात दिघीरपाड़ ग्राम पंचायत के 216 नंबर बूथ अंतर्गत मेना इलाके में हुई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक की पहचान किशोर मांझी के रूप में हुई है, जो मेना क्षेत्र का निवासी था।
घटना को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया है। भारतीय जनता पार्टी का दावा है कि किशोर मांझी पार्टी का सक्रिय कार्यकर्ता था और उसकी हत्या राजनीतिक रंजिश के कारण तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा की गई है।
वहीं तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। पार्टी का कहना है कि भाजपा अपने आंतरिक गुटीय विवाद को छिपाने के लिए तृणमूल पर झूठे आरोप लगा रही है।
इस बीच जांच में एक अन्य पहलू भी सामने आया है। पुलिस ने हत्या में संलिप्तता के आरोप में मृतक की पत्नी, उसके कथित प्रेमी समेत कुल तीन लोगों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि आपसी संबंधों में तनाव के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
रायदीघी से भाजपा उम्मीदवार पलाश राणा ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

