शौकत मोल्ला के बेटे इमरान मोल्ला के कैफे पर चला बुलडोजर
दक्षिण 24 परगना, 02 जुलाई (हि.स.)।
दक्षिण 24 परगना के जीवनतला थाना क्षेत्र के मौखाली इलाके में स्थित शौकत मोल्ला के बेटे इमरान मोल्ला के कैफे 'अरण्येर कूले' को गुरुवार को जिला प्रशासन ने ध्वस्त करना शुरू कर दिया। आरोप है कि यह कैफे मातला नदी के चर (नदी के उभरे भूभाग) पर अवैध रूप से बनाया गया था।
जिला प्रशासन ने 29 जून को संबंधित पक्ष को अवैध निर्माण हटाने का निर्देश दिया था, लेकिन तय समय के भीतर कैफे नहीं हटाया गया। इसके बाद प्रशासन ने बुलडोजर की मदद से तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू की।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण को हटाने में जो सरकारी खर्च आएगा, उसकी वसूली कैफे के मालिक से की जाएगी।
किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों को तैनात किया गया है। प्रशासन के अनुसार, पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से और कानून के दायरे में की जा रही है।
स्थानीय भाजपा नेता वलिरुल पियादा ने आरोप लगाया कि शौकत मोल्ला ने स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी कर सिंचाई विभाग की जमीन पर अवैध कब्जा कर कैफे का निर्माण कराया। उन्होंने कहा कि इस तरह के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गौरतलब है कि शौकत मोल्ला फिलहाल जीवनतला थाना पुलिस की हिरासत में हैं। उनके खिलाफ दुष्कर्म सहित कई अन्य मामलों की जांच भी जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

