home page

हरित ऊर्जा की ओर हुगली का कदम, जिलाधिकारी कार्यालय की छत पर लगा सोलर पैनल

 | 
हरित ऊर्जा की ओर हुगली का कदम, जिलाधिकारी कार्यालय की छत पर लगा सोलर पैनल


हुगली, 11 सितंबर (हि. स.)। पर्यावरण संरक्षण और बिजली खर्च में कमी लाने की दिशा में हुगली जिलाधिकारी कार्यालय की छत पर सोलर पैनल लगाए गए हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी खुरशीद अली कादरी ने औपचारिक रूप से सौर ऊर्जा परियोजना का शुभारंभ किया।

जिलाधिकारी कार्यालय की छत पर 20 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल लगाया गया है, जिस पर करीब 14 लाख 24 हजार रुपये की लागत आई है। इससे प्रतिदिन लगभग 70 यूनिट और सालाना करीब 25 हज़ार 525 यूनिट बिजली का उत्पादन होने का अनुमान है। इससे जिलाधिकारी कार्यालय के बिजली खर्च में करीब 50 प्रतिशत तक की बचत हो सकेगी।

जिलाधिकारी खुरशीद अली कादरी ने कहा कि अब अधिक से अधिक कार्यों में हरित ऊर्जा के उपयोग की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने और केंद्र सरकार की सूर्य घर योजना का लाभ लेने की अपील की।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत सोलर पैनल लगाने के लिए सरकारी सब्सिडी की व्यवस्था है। एक किलोवाट के लिए 30 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जाती है। जिलाधिकारी ने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों के योग्य लोगों के लिए विशेष सुविधाओं की भी व्यवस्था है।

जिले में बड़ी संख्या में लोग इस योजना के लिए आवेदन कर रहे हैं। कई स्थानों पर सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं, जबकि अन्य जगहों पर काम जारी है। जिलाधिकारी ने कहा कि बिजली खर्च में बचत और पर्यावरण संरक्षण के लिए सौर ऊर्जा का अधिकतम उपयोग जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय