home page

सबंग में सामाजिक समरसता का अनूठा उदाहरण, विभिन्न पेशाओं से जुड़े लोगों का सम्मान

 | 
सबंग में सामाजिक समरसता का अनूठा उदाहरण, विभिन्न पेशाओं से जुड़े लोगों का सम्मान


खड़गपुर, 21 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के सबंग क्षेत्र के हरनान गांव में श्री बिनंदराय जियू रथयात्रा समिति की ओर से सामाजिक समरसता और समानता का अनूठा संदेश दिया गया। रथयात्रा उत्सव के अवसर पर मंगलवार विभिन्न समुदायों और पेशाओं से जुड़े लोगों को एक मंच पर सम्मानित कर समाज में एकता और पारस्परिक सम्मान का संदेश दिया गया।

समिति की पहल पर शिक्षक, पूर्व सैनिक, अधिवक्ता, किसान, नाई, लोहार, राजमिस्त्री, मत्स्यजीवी, बैंककर्मी, खिलाड़ी, कवि-साहित्यकार, आंगनबाड़ी कर्मी सहित विभिन्न क्षेत्रों के लगभग 50 व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मरणोपरांत सम्मान तथा वरिष्ठ नागरिक सम्मान भी प्रदान किया गया।

इस अवसर पर युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करने के उद्देश्य से 'ऑपरेशन सिंदूर' विषयक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। विशाल पर्दे पर भारतीय सशस्त्र बलों की वीरगाथा का प्रदर्शन किया गया।

रथयात्रा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 1996 में शुरू हुआ यह रथोत्सव आज क्षेत्र के अनेक गांवों के लोगों को जोड़ने वाला सामाजिक उत्सव बन चुका है। उत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विज्ञान जागरूकता यात्रा, पर्यावरण संरक्षण पदयात्रा, स्वास्थ्य शिविर तथा मेधावी विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरण जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।

कार्यक्रम में लगभग छह हजार लोगों के लिए सामूहिक अन्नभोग की व्यवस्था की गई थी, जिसमें गांव के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया।

समिति के सदस्य शक्तिपद भूंइया ने कहा कि जाति-पाति और भेदभाव से ऊपर उठकर प्रत्येक पेशे से जुड़े लोगों का सम्मान करना ही इस आयोजन का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि समाज में कोई भी व्यक्ति छोटा नहीं है और आपसी प्रेम तथा सम्मान के माध्यम से ही वास्तविक सामाजिक विकास संभव है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता