दक्षिण पूर्व रेलवे का ऑपरेशन यात्री सुरक्षा सफल, दो पकड़े गए
खड़गपुर, 22 फरवरी (हि. स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे झपटमारी के एक मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपितों की गिरफ्तारी की जानकारी दी है। रेलवे द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में रविवार शाम बताया गया कि ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 21 फरवरी को दोपहर लगभग 12:50 बजे संतरागाछी रेलवे स्टेशन पर एक यात्री की सोने की चेन चोरी होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत मिलते ही आरपीएफ, सीआईबी और जीआरपी की टीमों ने स्टेशन तथा आसपास के क्षेत्रों में तलाशी और छापेमारी अभियान चलाया।
विशेष सूचना के आधार पर संदिग्ध दो व्यक्तियों का पीछा कर उन्हें मौरीग्राम रेलवे स्टेशन पर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपितों ने अपनी पहचान सलामत गाजी (30) तथा मिजानुर गाजी (37), निवासी दक्षिण 24 परगना, के रूप में हुई है।
व्यक्तिगत तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से लगभग 3.47 ग्राम वजन की सोने की चेन के हिस्से बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 56 हजार रुपये बताई गई। बरामद आभूषण को विधिक प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया।
दोनों आरोपितों को संबंधित जीआरपी के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां तथ्यों के सत्यापन के बाद भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

