भवानीपुर के स्कूल में पहली कक्षा के छात्र को सांप ने डसा
कोलकाता, 24 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में एक बार फिर स्कूल परिसर में सांप के आतंक का मामला सामने आया है। इस बार भवानीपुर के ऐतिहासिक मित्र इंस्टीट्यूशन के प्राथमिक विभाग में पहली कक्षा के एक छात्र को सांप के डसने की शिकायत सामने आई है। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। छात्र को तत्काल एसएसकेएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, टालीगंज निवासी दृप्त पाल सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे विद्यालय में था। टिफिन के दौरान प्राथमिक विभाग के विद्यार्थी पहली मंजिल पर खेल रहे थे। इसी दौरान दृप्त के दाहिने हाथ में सांप के डसने की बात सामने आई। बताया जा रहा है कि सांप उसके पैर से होकर ऊपर चढ़ा होगा।
घटना की जानकारी पाकर विद्यालय प्रबंधन ने छात्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। एसएसकेएम अस्पताल के बाल विभाग में उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों ने उसके रक्त का नमूना जांच के लिए भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि सांप विषैला था या नहीं। फिलहाल छात्र की स्थिति स्थिर बताई गई है।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, प्राथमिक कक्षाएं दूसरी और तीसरी मंजिल पर होती हैं। टिफिन के समय छोटे बच्चे नीचे आकर खेलते हैं। इसी दौरान यह घटना हुई होने का अनुमान है। शिक्षकों को आशंका है कि पहली मंजिल के 13, 14 या 15 नंबर कमरे के आसपास सांप ने छात्र को डसा होगा। विद्यालय प्रबंधन सीसीटीवी फुटेज की जांच कर घटना की वास्तविक स्थिति का पता लगाने का प्रयास कर रहा है।
दोपहर तक विद्यालय परिसर में सांप का पता नहीं चल सका था। प्रधानाचार्या सोमा दास ने बताया कि पास का 16 नंबर कमरा बंद रहता है। उसे खोलकर भी जांच की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सांप वहां छिपा तो नहीं है।
उल्लेखनीय है कि हाल में आनंदपुर इलाके के एक निजी विद्यालय की छात्रा को भी सांप के डसने की शिकायत सामने आई थी। उस घटना के बाद विद्यालय शिक्षा विभाग ने संबंधित स्कूल को कारण बताओ नोटिस जारी किया था।
भवानीपुर मित्र इंस्टीट्यूशन का ऐतिहासिक महत्व भी है। देश के प्रमुख शिक्षाविद् और राजनीतिज्ञ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने इसी विद्यालय में शिक्षा प्राप्त की थी। गत छह जुलाई को उनके 125वें जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी विद्यालय पहुंचे थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

