चुनाव 26 : चुचुड़ा में चुनाव प्रचार के दौरान नाराज स्मृति ईरानी शोभायात्रा बीच में छोड़कर लौटीं
हुगली, 15 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के बीच बंगाली नववर्ष के अवसर पर हुगली जिले के चूंचुड़ा में भाजपा की रैली के दौरान बड़ा घटनाक्रम सामने आया। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी यह रैली चूंचुड़ा के भाजपा उम्मीदवार सुबीर नाग के समर्थन में करने वाली थी।लेकिन वह कथित अव्यवस्था और स्थानीय संगठन की लापरवाही से नाराज होकर कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर लौट गईं। कार्यक्रम के बीच ही पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के लौट जाने से कार्यकर्ताओं में निराशा देखी गई।
इस बारे में चूंचुड़ा के उम्मीदवार सुबीर नाग ने कहा कि स्मृति ईरानी का अन्य कार्यक्रम होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि घड़ी मोड़ की सभा में उनके शामिल न होने से कार्यकर्ताओं में निराशा है।
सुबीर नाग ने बताया कि इस मौके पर “अन्नपूर्णा भंडार” योजना की शुरुआत होनी थी, लेकिन स्मृति ईरानी की अनुपस्थिति में इसका उद्घाटन उन्होंने स्वयं किया। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सत्ता में आती है, तो महिलाओं को हर महीने तीन हजार रुपये देने की योजना लागू की जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार, यह रैली चुंचुड़ा तीन नंबर गेट स्थित जिला कार्यालय के सामने से शुरू हुई। निर्धारित समय से कुछ देर बाद यात्रा शुरू होने पर स्मृति ईरानी नाराज हो गईं। सूत्रों के अनुसार, पार्टी के जिला नेतृत्व द्वारा उचित स्वागत और आवश्यक व्यवस्थाएं नहीं किए जाने से स्मृति ईरानी नाराज हो गईं। आरोप है कि उनके स्वागत में न्यूनतम शिष्टाचार तक नहीं दिखाया गया। इसी के बाद उन्होंने बिना सभा को संबोधित किए ही कार्यक्रम स्थल छोड़ने का फैसला किया।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, जिला कार्यालय में उनके स्वागत के लिए जिलाध्यक्ष की अनुपस्थिति भी असंतोष का कारण बनी।
उल्लेखनीय है कि इस कार्यक्रम में हुगली संगठनात्मक जिला भाजपा अध्यक्ष गौतम चटर्जी भी अनुपस्थित रहे, जिससे संगठन के भीतर मतभेद की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

