दुबई में 174 जिंदगियां बचाने वाले भारतीय पायलट को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने किया सलाम, कहा- पूरे बंगाल को आप पर गर्व है
कोलकाता, 01 अक्टूबर (हि.स.)।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रहे फ्लाईट के एक भयानक हादसे और हाईजैक की कोशिश को नाकाम करने वाले साहसी भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के अदम्य साहस को नमन किया है। मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल की जनता की ओर से इस वीर सपूत के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि कैप्टन मच्छार ने अपने असाधारण पराक्रम से पूरे देश का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है।
अपने आधिकारिक बयान में मुख्यमंत्री ने कहा कि हवा में मंडराते अकल्पनीय संकट के बीच, कॉकपिट के भीतर चाकू से हमला होने और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने जिस बहादुरी और त्वरित सूझबूझ का परिचय दिया, वह अद्वितीय है। अधिकारी ने उनके इस साहसिक कार्य को भारत की महान और कालजयी 'वसुधैव कुटुंबकम' (पूरी दुनिया एक परिवार है) की सभ्यतागत विचारधारा का सच्चा प्रतिबिंब बताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि अपनी जान की परवाह किए बिना मासूम जिंदगियों को बचाने को प्राथमिकता देने का उनका यह पवित्र कर्तव्य पूरी दुनिया के दिलों को छू गया है।
मुख्यमंत्री ने इस बात को भी प्रमुखता से रेखांकित किया कि कैप्टन मच्छार के अदम्य साहस ने न केवल इजरायली नागरिकों सहित 174 यात्रियों और चालक दल की जान बचाई है, बल्कि हवा में किए गए उनके इस साहसिक कृत्य ने भारत और इजरायल के बीच दोस्ती, भरोसे और आपसी सम्मान के ऐतिहासिक रिश्ते को और भी अधिक प्रगाढ़ किया है। राज्यवासियों की ओर से शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कैप्टन मच्छार के शीघ्र और पूर्ण रूप से स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना की और उन्हें भारत का सच्चा गौरव करार दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

