home page

नगर निगम के कमिश्नर का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर अधिकारियों को फटकार

 | 
नगर निगम के कमिश्नर का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर अधिकारियों को फटकार


सिलीगुड़ी, 22 सितंबर (हि. स.)। सिलीगुड़ी नगर निगम के कमिश्नर बीर विक्रम राय ने मंगलवार सुबह शहर के विभिन्न इलाकों का औचक दौरा कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया है। उन्होंने सेवक रोड, हैदरपाड़ा समेत कई क्षेत्रों में कचरा सफाई और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर कर्मचारियों की लापरवाही और अनुपस्थिति सामने आने पर कमिश्नर ने नाराजगी जताई। हैदरपाड़ा क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान संबंधित वार्ड की स्थिति की जानकारी लेने के साथ ही पांच नंबर बोरो के अधिकारी के अनुपस्थित पाए जाने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया।

वहीं, सेवक रोड के एक इलाके में सड़क किनारे गंदगी और कचरा पड़ा मिलने पर संबंधित वार्ड के सुपरवाइजर के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सेवक रोड के विभिन्न हिस्सों में अवैध होर्डिंग और विज्ञापन भी पाए गए।

आरोप है कि अवैध होर्डिंग के जरिए नगर निगम के राजस्व को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। इस मामले में विज्ञापन विभाग के कर्मचारियों की भूमिका पर भी कमिश्नर ने नाराजगी जताई है। निरीक्षण के दौरान विभाग के एक कर्मचारी के कथित तौर पर नशे की हालत में पाए जाने का आरोप भी सामने आया है। उक्त कर्मचारी को मौके से हटा दिया गया। कमिश्नर ने उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की चेतावनी दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार