नगर निगम के कमिश्नर ने किया विधान मार्केट का निरीक्षण, जल्द मरम्मत के निर्देश
सिलीगुड़ी, 17 जुलाई (हि. स.)। सिलीगुड़ी नगर निगम के कमिश्नर वीर विक्रम राय ने शुक्रवार को शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र विधान मार्केट का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारियों, इलेक्ट्रिक विभाग के कर्मचारियों और विधान मार्केट व्यवसायी समिति के साथ पूरे बाजार क्षेत्र का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अंडर केबलिंग के कार्य की स्थिति की जांच की गई। साथ ही मछली बाजार, सड़क, ड्रेनेज सिस्टम और लाइटिंग व्यवस्था का भी विस्तार से मूल्यांकन किया गया। कमिश्नर ने संबंधित विभागों को आवश्यक मरम्मत और विकास कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
कमिश्नर वीर विक्रम राय ने कहा कि अंडर केबलिंग का काम आंशिक रूप से पूरा हो चुका है, इसलिए इसे रोका नहीं जा सकता है। हालांकि, इस कार्य के दौरान आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इस पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से काम किया जाएगा। जिन जगहों पर काम होगा, उन्हें जल्द से जल्द सामान्य स्थिति में लाया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

