home page

आक्रा–संतोषपुर में बस्ती में आग, ओवरहेड तार जलने से ट्रेन यातायात बाधित

 | 
आक्रा–संतोषपुर में बस्ती में आग, ओवरहेड तार जलने से ट्रेन यातायात बाधित


कोलकाता, 25 अप्रैल (हि.स.)। दक्षिण 24 परगना जिले के आक्रा–संतोषपुर इलाके की 16 बीघा झुग्गी बस्ती में शनिवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर करीब 40 झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। आग की वजह से पास से गुजरने वाली बजबज–सियालदह रेल लाइन का ओवरहेड तार भी जल गया, जिसके कारण इस मार्ग पर लोकल ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब डेढ़ बजे बस्ती में अचानक आग लग गई। बस्ती में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामान होने के कारण आग तेजी से फैल गई। स्थानीय लोगों ने पहले आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर दमकल विभाग को सूचना दी गई।

घटना की खबर मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की गई। घनी आबादी और संकरी गलियों के कारण दमकलकर्मियों को शुरू में अंदर जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्राथमिक अनुमान के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट से लगी हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारण की जांच की जा रही है।

आग की लपटें रेल लाइन तक पहुंचने से ओवरहेड तार जल गया, जिसके कारण बजबज–सियालदह लाइन पर ट्रेन सेवा रोकनी पड़ी। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवराम मांझी ने बताया कि आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेषज्ञों की टीम मौके पर भेजी गई है और जल्द ही रेल सेवा सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंच गए। आग लगने से बस्ती के कई परिवारों का सामान जल गया और लोग अपने नुकसान को लेकर चिंतित नजर आए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता