home page

ढाई साल बाद एसजेडीए की बैठक—100 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी

 | 
ढाई साल बाद एसजेडीए की बैठक—100 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी


सिलीगुड़ी, 07 अगस्त (हि. स.)। करीब ढाई साल बाद सिलीगुड़ी जलपाईगुड़ी विकास प्राधिकरण (एसजेडीए) की बोर्ड बैठक शुक्रवार को आयोजित हुई। दार्जिलिंग के जिलाधिकारी हरिशंकर पनिक्कर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष, परिवहन व वित्त राज्य मंत्री आनंदमय बर्मन, विधायक शिखा चटर्जी समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में मानसून के बाद लगभग 100 करोड़ रुपये के विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इन परियोजनाओं के तहत सड़क, ड्रेनेज, पेयजल, श्मशान घाट के सुधार और आधुनिक लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा सिलीगुड़ी बस टर्मिनस के पास पुराने एल-4 और एल-5 भवनों की जगह नए कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण, एसजेडीए मार्केट का नवीनीकरण और माटीगाड़ा ट्रांसपोर्ट नगर में बस टर्मिनस के लिए फंड की मांग का भी निर्णय लिया गया।

इसके साथ ही नागराकाटा और धूपगुड़ी को एसजेडीए के दायरे में लाने, सरकारी जमीन की जानकारी वेबसाइट पर प्रकाशित करने और कावाखाली के जमीन खोने वाले लोगों की समस्याओं को जल्द कानूनी प्रक्रिया के तहत सुलझाने पर भी सहमति बनी है। बैठक का सबसे अहम फैसला पिछले 15 वर्षों के वित्तीय लेन-देन की स्पेशल ऑडिट कराने पर भी मोहर लगी है।

पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर रिटायर्ड जज की निगरानी में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि एसजेडीए अपने राजस्व और सरकारी सहायता से विकास कार्यों को पूरा करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार