home page

बकाया भत्ता को लेकर सिउड़ी में वोटकर्मियों का हंगामा

 | 
बकाया भत्ता को लेकर सिउड़ी में वोटकर्मियों का हंगामा


बीरभूम, 22 अप्रैल (हि. स.)। चुनाव ड्यूटी पर आए कुछ वोटकर्मी बकाया चुनावी भत्ता नहीं मिलने से नाराज होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। बुधवार को सिउड़ी के डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर (डीसी) श्री रामकृष्ण शिल्प विद्यापीठ परिसर के भीतर इसको लेकर बवाल की स्थिति बन गई।

आरोप है कि चुनावी ड्यूटी करने के लिए जो भत्ता मिलना था, वह अभी तक उनके बैंक खातों में जमा नहीं हुआ है। इस कारण नाराज वोटकर्मियों ने कहा कि यदि उनका बकाया पैसा नहीं दिया गया तो उनके लिए चुनावी जिम्मेदारी निभाना मुश्किल होगा। उन्होंने रिटर्निंग ऑफिसर पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

इस घटना को लेकर कुछ समय के लिए डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर परिसर में तनाव का माहौल बन गया और वोटकर्मियों ने जुलूस भी निकाला। प्रशासन की ओर से स्थिति को संभालने की कोशिश की जा रही है। वोटकर्मियों का आरोप है कि रिटर्निंग ऑफिसर ने उन्हें शोकॉज नोटिस देने की चेतावनी भी दी है।

वोटकर्मियों का कहना है कि पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में कई कर्मचारियों के खातों में पैसे पहुंच चुके हैं, लेकिन कुछ लोगों के खातों में अभी तक राशि जमा नहीं हुई है। उनका आरोप है कि जो कर्मचारी रिजर्व में हैं, उन्हें काउंटर से भुगतान किया जा रहा है, जबकि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को पैसा नहीं मिल रहा।

बार-बार शिकायत करने के बाद भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नाराज वोटकर्मियों ने गेट पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि यह उनका हक का पैसा है और लंबे समय से वे चुनावी काम की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन व्यवस्था में भारी अव्यवस्था देखने को मिल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता