home page

काली पूजा विसर्जन को लेकर दो मोहल्लों में हिंसा, तीन महिलाएं घायल

 | 

बीरभूम, 14 नवंबर (हि. स.)। जिले के सिउड़ी में काली पूजा की प्रतिमा विसर्जन को लेकर शुक्रवार रात दो मोहल्लों के लोगों के बीच विवाद हो गया। विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक मोहल्ले के लोगों ने दूसरे मोहल्ले के कई घरों में घुसकर तोड़फोड़ की और महिलाओं के साथ मारपीट की। घटना में तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात सिउड़ी के कई पूजा मंडपों की प्रतिमाओं का विसर्जन हो रहा था। इसी दौरान होसनाबाद इलाके में प्रतिमा विसर्जन के जुलूस को लेकर निमतला और बेलतला मोहल्ले के लोगों के बीच कहासुनी हो गई।

आरोप है कि इसके बाद बेलतला के कुछ लोग निमतला मोहल्ले में पहुंचे और वहां के निवासियों के घरों में घुसकर हमला कर दिया। उस समय घरों में महिलाएं मौजूद थीं। उनके साथ मारपीट की गई। हमलावरों ने घरों में रखे टीवी, फर्नीचर और अन्य सामान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा कई मोटरसाइकिल, स्कूटर और साइकिलों में भी तोड़फोड़ किए जाने का आरोप है।

घटना में घायल तीन महिलाओं को सिउड़ी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। निमतला मोहल्ले के निवासियों ने इस संबंध में सिउड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। तनाव को देखते हुए इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता