दार्जिलिंग में हनीमून के दौरान बारबेक्यू की आग से झुलसी निकिता साहा की मौत
दार्जिलिंग, 19 नवंबर (हि.स.)। हनीमून के दौरान आग में झुलस कर जख्मी हुई उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा की रहने वाली निकिता साहा की गुरुवार तड़के मौत हो गई है। सितंबर में सिटोंग में हनीमून मनाने के दौरान बारबेक्यू की आग में बुरी तरह झुलसने के बाद वह करीब दो महीने से जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही थी। गुरुवार सुबह करीब चार बजे उन्होंने कोलकाता में अंतिम सांस ली।
परिवार के अनुसार, चार दिन पहले कोलकाता के एमआर बांगुर अस्पताल में इलाज के दौरान निकिता की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार तड़के उनकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, बीते 13 सितंबर को निकिता अपने पति सौविक दास के साथ हनीमून मनाने दार्जिलिंग जिले के कर्सियांग स्थित सिटोंग गई थी। वहां एक होमस्टे में रात के समय बारबेक्यू का आयोजन किया गया था। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी और निकिता उसकी चपेट में आ गई। इस हादसे में उनके शरीर का करीब 60 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया था। शुरुआत में उन्हें सिलीगुड़ी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए कोलकाता ले जाया गया।
इस हादसे के लिए पति सौविक दास ने होमस्टे प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया था। उनका आरोप था कि आग में तेल का ड्रम फेंके जाने के कारण अचानक आग भड़क उठी और निकिता उसकी चपेट में आ गई।
परिवार के मुताबिक, शुरुआत में निकिता को बांगुर अस्पताल के सीसीयू में रखा गया था। बाद में उनकी हालत में सुधार होने पर उन्हें जनरल वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया। हालांकि, कुछ दिनों बाद उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई और उन्हें दोबारा सीसीयू की जरूरत पड़ी। परिवार का आरोप है कि उस समय अस्पताल में सीसीयू का बेड उपलब्ध नहीं था, जिसके कारण उन्हें जनरल वार्ड में ही रहना पड़ा। हालत अधिक बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित कराया।
सौविक के भाई ऋतम बसाक ने बताया कि आखिरी दिनों में निकिता की हालत बेहद गंभीर थी। उन्हें खून की जरूरत पड़ने पर भी शरीर रक्त स्वीकार नहीं कर पा रहा था। निजी अस्पताल में मृत कोशिकाओं को हटाने के लिए ऑपरेशन किया गया था, लेकिन इसके बाद गले के पास से रक्तस्राव शुरू हो गया, जिसे रोका नहीं जा सका। उन्होंने बताया कि आर्थिक जरूरतों के चलते सौविक बुधवार को कोलकाता से घर लौटे थे। गुरुवार सुबह निकिता की मौत की खबर मिली। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंपा जाएगा।
निकिता की मौत के बाद शिटोंग स्थित संबंधित होमस्टे और वहां की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर चर्चा में आ गई है। गौरतलब है कि इस घटना के बाद पुलिस होमस्टे के मालिक और कर्मचारियों समेत कई लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

