सुरेंद्रनाथ कॉलेज के यूनियन रूम से दो ट्रॉली भरकर नकदी बरामद
कोलकाता, 02 जून (हि. स.)। महानगर कोलकाता के सुरेंद्रनाथ कॉलेज में मंगलवार को यूनियन रूम की अलमारी से भारी मात्रा में नकदी बरामद होने से सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि नकदी से भरे दो बैग मिले हैं, जिनमें रखे कई नोट दीमक से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। बरामद राशि को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं और इसकी वास्तविक गणना अभी बाकी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मच्छरों के लार्वा की रोकथाम के लिए कोलकाता म्युनिसिपल कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया। इसी दौरान यूनियन रूम लंबे समय से बंद पाए जाने पर उसका ताला खोलने का निर्देश दिया गया। कॉलेज प्रशासन की अनुमति के बाद सफाई कर्मचारियों ने ताला तोड़ा। कमरे की अलमारी खोलते ही नकदी से भरे दो बैग मिले, जिनमें रखे कई नोट दीमक की वजह से खराब हो चुके थे। घटना की सूचना पाकर मोचीपाड़ा पुलिस स्टेशन की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बरामद नकदी को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी बड़ी रकम कॉलेज के यूनियन रूम तक कैसे पहुंची और वहां कब से रखी हुई थी।
स्थानीय सूत्रों का दावा है कि दोनों बैगों में मिलाकर 50 से 60 लाख रुपये तक हो सकते हैं, हालांकि पुलिस या प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर रकम की पुष्टि नहीं की गई है।
इस मामले को लेकर राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया है।
भाजपा विधायक सजल घोष ने आरोप लगाया कि कॉलेजों में छात्रों के नाम पर वसूले गए धन का दुरुपयोग किया गया है और मामले में जिम्मेदार लोगों को तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कॉलेज फंड में पहले से ही बड़ी राशि जमा होने की जानकारी सामने आ चुकी है और इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
वहीं, माकपा नेता शुत्रूप घोष ने भी घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लाखों रुपये का दीमक द्वारा नष्ट हो जाना गंभीर सवाल खड़े करता है और पूरे मामले की गहन जांच होनी चाहिए।
फिलहाल पुलिस नकदी की गिनती, उसके स्रोत और यूनियन रूम के उपयोग से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

